अहमदाबाद | गुजरात के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब कांग्रेस राज्यसभा का चुनाव लड़े बगैर ही बाहर हो जाएगी| क्योंकि गुजरात विधानसभा में कांग्रेस के केवल 17 सदस्य हैं, जबकि राज्यसभा चुनाव के अंक गणित के मुताबिक उसके पास कम से कम 45 विधायक होना जरूरी है| गुजरात में जिस प्रकार विधानसभा में कांग्रेस का संख्याबल सबसे कम है उसे देखते हुए आगामी पांच साल तक कांग्रेस को राज्यसभा चुनाव में कोई मौका नहीं मिलेगा| अर्थात आगामी 5 साल तक गुजरात कांग्रेस को राज्यसभा में एक भी सीट नहीं मिलेगी| गुजरात में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं, जिसमें भाजपा के पास 8 और कांग्रेस के खाते में तीन सीटें है| इनमें से 3 सीटों पर आगामी अगस्त 2023 को चुनाव होना है| विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा जुगलजी ठाकोर और दिनेश अनावडिया की अवधि 18 अगस्त 2023 को टर्म पूरी हो रही है| राज्यसभा चुनाव में भाजपा की इन तीनों पर जीत तय है| वहीं केन्द्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मांडविया के अलावा कांग्रेस की अमी याज्ञिक और नारण राठवा की टर्म 2 अप्रैल 2024 को पूर्ण हो जाएगी| अप्रैल 2024 के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ से दोनों सीटें निकल जाएंगी| राज्यसभा की शेष 4 सीटों पर 2026 में चुनाव होंगे| भाजपा के राज्यसभा सांसद राम मोकरिया, रमीला बारा, नरहरि अमीन के अलावा कांग्रेसके शक्तिसिंह गोहिल की टर्म 21 जून 2026 में पूरी होगी| स्वाभाविक है कि संख्याबल कम होने की वजह से 2026 में होनेवाले राज्यसभा चुनाव में भाजपा के सभी चारों सीटों पर जीतना तय है| फिलहाल आगामी अगस्त 2023 में गुजरात में होनेवाले राज्यसभा चुनाव में तीनों सीटें भाजपा में खाते में जाएंगी| गुजरात के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि कांग्रेस को चुनाव लड़ने का मौका ही नहीं मिलेगा| क्योंकि कांग्रेस के पास चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्याबल नहीं है|