गर्भावस्था की परेशानियां दे सकती हैं भविष्य की बीमारियों के संकेत, डॉक्टरों ने दी जरूरी सलाह
गर्भावस्था किसी भी महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत और अहम चरण होता है, हालांकि ये नौ महीने अपने साथ स्वास्थ्य से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियां भी लेकर आते हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान कई महिलाओं में पहली बार ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या सामने आती है, वहीं प्रसव के बाद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं जैसे प्रसवोत्तर डिप्रेशन (पोस्टपार्टम डिप्रेशन) की स्थिति जटिलताओं को और अधिक बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
प्रसव के बाद अक्सर महिला का पूरा ध्यान अपने नवजात शिशु और रोजमर्रा की जिंदगी में दोबारा लौटने पर होता है। लेकिन एक हालिया अध्ययन ने महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण बात सामने रखी है, जिसे नजरअंदाज करना सेहत के लिए भारी पड़ सकता है। गर्भावस्था के दौरान सामने आने वाली कुछ परेशानियां सिर्फ उसी समय तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि आने वाले वर्षों में कई बड़ी बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
ब्रिटेन में 14 लाख से अधिक महिलाओं पर किया गया व्यापक अध्ययन
ब्रिटेन में हाल ही में 14 लाख से ज्यादा महिलाओं पर हुए इस महत्वपूर्ण अध्ययन में शोधकर्ताओं ने गर्भावस्था के दौरान होने वाली अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं और बाद के वर्षों में सामने आने वाली गंभीर बीमारियों के बीच के आपसी संबंधों (लिंक) को बारीकी से समझने की कोशिश की है। आइए जानते हैं कि इस शोध रिपोर्ट में किन-किन प्रमुख खतरों को लेकर विशेष रूप से अलर्ट किया गया है।
गर्भावस्था के दौरान होने वाली दिक्कतों के संभावित खतरे
इस अध्ययन में यह पाया गया कि जिन महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जटिलता का सामना करना पड़ा था, उनमें आने वाले वर्षों में दिल, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा काफी अधिक पाया गया।
-
शोध में स्पष्ट किया गया कि गर्भावस्था के दौरान होने वाली डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और बच्चे के जन्म के बाद होने वाले डिप्रेशन पर बहुत गंभीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
-
ये सभी स्थितियां आगे चलकर चार प्रमुख गंभीर बीमारियों—हृदय रोग (हार्ट डिसीज), टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) और क्रॉनिक किडनी डिजीज—का खतरा बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
-
'बीएमजे मेडिसिन' में प्रकाशित इस रिपोर्ट में शोधकर्ताओं ने बताया कि सबसे ज्यादा चिंता का विषय गर्भावस्था के दौरान होने वाली डायबिटीज है। अध्ययन के अनुसार, ऐसी महिलाओं में आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज विकसित होने की दर करीब सात गुना अधिक पाई गई।
-
इसके अलावा, गर्भावस्था में हाई ब्लड प्रेशर और प्री-एक्लेम्पसिया की स्थिति भी भविष्य के स्वास्थ्य जोखिमों का एक बड़ा कारण बनती है। समय से पहले बच्चे का जन्म, गर्भपात, मृत बच्चे का जन्म (स्टिलबर्थ) और डिलीवरी से जुड़ी कुछ अन्य परेशानियां भी भविष्य की सेहत के लिए मुश्किलें पैदा करने वाली पाई गई हैं।
प्रसव के दौरान सामने आने वाली अन्य दिक्कतें भी हैं खतरनाक
किंग्स कॉलेज लंदन समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों के शोधकर्ताओं द्वारा मिलकर किए गए इस अध्ययन में यह भी सामने आया कि समय से पहले शिशु का जन्म, गर्भपात, बच्चे को पोषण और ऑक्सीजन देने वाली प्लेसेंटा (आलस) का जन्म से पहले ही गर्भाशय की अंदरूनी दीवार से अलग हो जाना (प्लेसेंटल एब्रप्शन), तथा बच्चे का अपनी गर्भावस्था की उम्र के हिसाब से बहुत छोटा या बहुत बड़ा होना भी आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है।
-
शोधकर्ताओं के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान ब्लड प्रेशर की समस्या होना आपको भविष्य में हाइपरटेंशन का मरीज बना सकती है। ऐसे मामलों में भविष्य में हाई ब्लड प्रेशर होने की दर तीन गुना से ज्यादा पाई गई।
-
क्रॉनिक किडनी डिजीज (गुर्दे की पुरानी बीमारी) होने की दर भी लगभग दोगुनी दर्ज की गई। इसके अलावा हृदय रोग और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा भी काफी बढ़ा हुआ मिला।
-
इसी प्रकार, बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं में होने वाला डिप्रेशन भी उनकी आगे की सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों की क्या है राय और निष्कर्ष?
इस व्यापक अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने ब्रिटेन के प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा के एक बहुत बड़े डेटाबेस का उपयोग किया। इसमें उन सभी महिलाओं की स्वास्थ्य जानकारी का विश्लेषण किया गया जो वर्ष 2000 से 2022 के बीच गर्भवती हुई थीं। शोधकर्ताओं ने ऐसी 14 लाख से अधिक महिलाओं के मेडिकल रिकॉर्ड्स का बारीकी से अध्ययन किया। इसमें वे महिलाएं भी शामिल थीं जिन्हें गर्भावस्था के दौरान किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई थी, और इन सभी महिलाओं की औसतन चार साल तक निगरानी की गई।
शोधकर्ताओं का यह कहना है कि गर्भावस्था के दौरान होने वाली दिक्कतों और बाद में होने वाली बीमारियों के आपसी संबंधों के पीछे शरीर के भीतर काम करने वाली वास्तविक शारीरिक प्रक्रिया को पूरी तरह समझने के लिए अभी और अधिक शोध की आवश्यकता है। इसके साथ ही, शोधकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस अध्ययन का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि गर्भावस्था की कोई भी जटिलता सीधे तौर पर बाद में होने वाली बीमारी का कारण बनती ही है। ऐसी जटिलताएं केवल इस बात का संकेत हो सकती हैं कि महिला के शरीर में पहले से ही कुछ ऐसी स्थितियां मौजूद थीं जो भविष्य में बीमारी का खतरा बढ़ा सकती हैं।
दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी, यूपी ATS ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
‘सोनिया की किताब पढ़ें भाजपा नेता’, वाड्रा ने कहा- इतिहास को खुले मन से समझने की जरूरत
कुलगाम में CRPF दल पर अचानक हमला, आतंकियों की गोलीबारी में तीन जवान घायल
स्वच्छता के मामले में मध्यप्रदेश के 9 शहरों का शानदार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ के 3 शहर भी सम्मानित
एमपी में कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर दिग्विजय सिंह का बयान, पटवारी-सिंघार के नेतृत्व की बात कही
देश में बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर पहुंची, महिलाओं की कामकाजी भागीदारी में भी इजाफा
'फ्रिज तक नहीं संभाल पा रहे', ईरान ने फ्रांस पर कसा तंज; अमेरिका को भी ललकारा
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ की धूम, छठे दिन भी बरकरार रहा दबदबा; दुनिया भर में छप्परफाड़ कमाई