लखनऊ । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रदेश में मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश से पूर्व ही सियासी समकीरणों की नई तस्वीर सामने आने लगी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती ने राहुल के उनकी यात्रा में शामिल होने के आग्रह को स्वीकार नहीं किया है। हालांकि यात्रा के लिए शुभकामनाएं देकर राजनीतिक संदेश देने का प्रयास जरूर किया है।

हर‍ियाणा में प्रवेश करेगी यात्रा

कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा मंगलवार दोपहर 12 बजे गाजियाबाद के लोनी बार्डर से प्रदेश में प्रवेश करेगी।राहुल गांधी यूपी में तीन दिनों में 62 किलोमीटर पदयात्रा करेंगे। तीनों दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव प्रियंक वाड्रा भी शामिल रहेंगी।यात्रा चार जनवरी को बागपत व पांच जनवरी को शामली में होगी, जिसके बाद कैराना (शामली) से पानीपत (हरियाणा) में प्रवेश करेगी।नौ राज्यों से होते हुए राहुल की यात्रा लगभग तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। यात्रा को लेकर सियासत भी जारी है।सपा अध्यक्ष अखिलेश ने चार दिन पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर कहा था कि हम भावना से उनकी यात्रा के साथ हैं

लेकिन भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है।सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश यात्रा में शामिल नहीं होंगे। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी पहले ही यात्रा में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी यात्रा में शामिल न होने का निर्णय किया है। बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मवीर चौधरी पहले ही स्पष्ट कह चुके हैं कि बसपा, कांग्रेस की यात्रा के समर्थन में नहीं है। चौधरी ने कहा था कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी दलितों का उत्पीड़न कम नहीं हो रहा है।

यात्रा से पहले गीत जारी

प्रदेश कांग्रेस ने एक गीत भी जारी किया है, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रस्सारित है। इस मिट्टी की बात एक है, लोग एक हैं चांद एक है यूपी के जज्बात एक हैं। भेदभाव की बातें छोड़ो आओ मिलकर भारत जोड़ो .... गीत के माध्यम से लोगों को यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।

क्या बोले अखिलेश

अखिलेश ने सोमवार को ट्वीट कर कहा,'' प्रिय राहुल जी, ''भारत जोड़ो यात्रा'' में न्योते के लिए धन्यवाद और ''भारत जोड़ो'' की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं .''। अखिलेश ने लिखा, ''भारत भौगोलिक विस्तार से ज्यादा एक भाव है, जिसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सौहार्द ही वो सकारात्मक तत्व हैं, जो भारत को जोड़ते हैं। आशा है यह यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के मकसद से अपने लक्ष्य को हासिल करेगी।'

क्या बोलीं मायावती

बसपा प्रमुख मायावती ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए लिखी गई चिट्ठी के लिए धन्यवाद।