डकार । उत्तरी बुर्किना फासो में इस्लामिक चरमपंथियों ने कई हमलों में 44 लोगों की हत्या कर दी। सरकार ने गत दिवस शनिवार को यह जानकारी दी। साहेल क्षेत्र के गवर्नर लेफ्टिनेंट कर्नल पीएफ रोडोल्फे सोरगो ने घटना को लेकर बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि जिहादियों ने सेनो प्रांत में कूराकू और तोंदोबी गांवों पर हमला किया। सोरगो ने गुरुवार व शुक्रवार को किए गए हमलों को घृणित और बर्बर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार इलाके में शांति सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से शांत रहने की अपील की। वहीं नाइजीरिया में बंदूकधारियों के हमले में 30 लोगों की मौत हो गई।
बंदूकधारियों ने बेन्यू राज्य के मगबान गांव में नागरिकों पर किया हमला 
उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक शिविर पर हुए हमले में 30 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी सियुयेसे एनेने ने बताया कि बंदूकधारियों ने शुक्रवार शाम बेन्यू राज्य के मगबान गांव में आम नागरिकों पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर अभी कुछ भी दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है। हमले में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। 
अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन संदेह स्थानीय चरवाहों पर है, जिनका अतीत में उत्तर-मध्य नाइजीरिया में भूमि को लेकर किसानों से विवाद रहा है। ऐसा हो सकता है कि इस वारदात का उस पुरानी घटना से कोई लिंक है। मालूम हो कि इससे कुछ दिन पहले ही राज्य के उमोगिडी गांव में हिंसा हुई थी। यहां बंदूकधारियों के दो अलग-अलग हमलों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई थी।