वैसे तो ओडिशा पर्यटकों के बीच जगन्नाथ पुरी मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन इसके अलावा भी इस राज्य में काफी कुछ देखने लायक हैं। आप यहां की प्राकृतिक सुंदरता को देखकर भी मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। इसके अलावा ओडिशा में ऐतिहासिक जगह भी मौजूद हैं। यहां घूमने के लिए दिलचस्प जगहों की कोई कमी नहीं है। तो अगर आप भी ओडिशा घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो चलिए आपको बताते हैं, यहां के कुछ बेहतरीन जगहों के बारे में...

कोणार्क सूर्य मंदिर

इस प्रचीन मंदिर को देखने के लिए साल भर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। यह मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल में शामिल है। यह मंदिर सूर्य देवता को समर्पित है। आप यहां प्राचीन मूर्तिकला से भी रू-ब-रू हो सकते हैं। जो हिंदू देवताओं के चित्र को प्रस्तुत करते हैं।

जगन्नाथ मंदिर

पुरी में स्थित, जगन्नाथ मंदिर भारत के सबसे पवित्र मंदिरों में से एक है। यह हिंदू देवता भगवान विष्णु के अवतार जगन्नाथ को समर्पित है। यह प्रसिद्ध रथ यात्रा उत्सव का स्थल भी है। भक्त भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने के लिए ओडिशा जरूर जाते हैं। यह मंदिर चार धाम यात्रा में भी शामिल है।

चिल्का झील

अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं, तो इस झील को देखने जरूर जाएं। इसे देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। चिल्का झील पक्षी देखने वालों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शानदार स्थल है। इसे एशिया की सबसे बड़े खारे पानी की झील के रूप में भी जाना जाता है।

धौली हिल्स

यह हिल्स दया नदी के तट पर स्थित है। यह भुवनेश्वर से 8 किमी की दूरी पर स्थित है। इसे आमतौर पर धौली शांति स्तूप के रूप में जाना जाता है। यह पर्यटकों के बीच आकर्षण का केन्द्र है। आप यहां अशोक स्तंभ, बुद्ध प्रतिमा पार्क और कई चीज़ें देख सकते हैं।

लिंगराज मंदिर

यह भुवनेश्वर के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यहां भक्तों की साल भर भीड़ लगी रहती है। इस मंदिर में भगवान शिव के अलावा विष्णु की भी पूजा की जाती है।