समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संसद भवन पहुंचे हैं। मैनपुरी सीट से बंपर जीत के बाद सांसद डिंपल यादव के साथ  अखिलेश यादव संसद भवन पहुंचे। डिंपल यादव शपथ लेने पहुंची। डिंपल यादव को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसद पद की शपथ दिलाई।

मैनपुरी, सपा का वह गढ़ जिसे समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से लेकर अब तक कोई जीत नहीं कर पाया। वर्ष 1996 से लेकर अब तक समाजवादी पार्टी इस लोकसभा सीट पर काबिज है। उपचुनाव भले ही नेताजी मुलायम सिंह यादव के बिना लड़ा गया, लेकिन सपा ने इस चुनाव को नेताजी के नाम पर लड़ा। हर जनसभा में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रत्याशी डिंपल यादव ने जनता से नेताजी को श्रद्धांजलि देने की अपील की। मैनपुरी के मतदाताओं ने भी अपने नेता का सम्मान और जलवा दोनों ही बरकरार रखा। आपको बता दें कि 8 दिसंबर को आए नतीजों में मैनपुरी सीट पर उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने 2.80 लाख से अधिक वोटों से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को हराया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से पहली महिला सांसद बन गई हैं।

सपा से डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य समेत छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। गुरुवार की सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत से ही डिंपल यादव ने बड़ी बढ़त बना ली, जो मतगणना खत्म होने के बाद बड़ी जीत में बदल गई। डिंपल को 617625 वोट मिले, जबकि रघुराज सिंह को 329489 वोट मिले। इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया। बता दें कि 1996 के बाद मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और इसके बाद अब तक सपा कभी इस सीट से नहीं हारी।