सागर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत सागर जिले में अपराधियों और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को बांदरी, मालथौन और शाहगढ़ क्षेत्रों में संयुक्त प्रशासनिक टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई अवैध ढाबों और शासकीय भूमि पर किए गए कब्जों को नेस्तनाबूद कर दिया।

एनएच-44 और बांदरी-मालथौन मार्ग पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई

मालथौन एसडीएम सतीश वर्मा के निर्देशन में बांदरी से लेकर मालथौन टोल प्लाजा तक विशेष अभियान चलाकर हाईवे के किनारे संचालित अवैध ढाबों और पक्के निर्माणों को हटाया गया। राजस्व, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम द्वारा की गई प्रमुख कार्रवाइयां:

  • सौरभ ढाबा (बांदरी): एनएच-44 के किनारे स्थित इस ढाबे पर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया।

  • ओम साईं राम रेस्टोरेंट (पलेथनी, मालथौन): संचालक वीरेन्द्र सिंह बुंदेला के प्रतिष्ठान पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई।

  • हरियाणा होटल (पलेथनी): संचालक जावेद बिसरू के ढाबे पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

  • राधा कृष्ण ढाबा (पलेथनी): संचालक राजू राजा एवं विक्रम सिंह बुंदेला के ढाबे का अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया।

  • बुंदेला ढाबा (पलेथनी, मालथौन): इस ढाबे पर भी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे को हटाया।

  • बहेरिया (सागर): यहां अनेक अतिक्रमणों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ पाथ वे रेस्टोरेंट और होटल जलसा को सील कर दिया गया है।

शाहगढ़ में शराब प्रकरण के आरोपी पर बुलडोजर एक्शन

खुरई विधानसभा क्षेत्र के शाहगढ़ अंतर्गत ग्राम सिमरिया उवरी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा शराब प्रकरण के आरोपी चंद्रभान राजपूत के कब्जे से 4.79 हेक्टेयर (लगभग 12 एकड़) शासकीय सेवा भूमि को पूरी तरह मुक्त कराया। प्रशासन ने मौके पर खड़ी अवैध फसल को भी नष्ट कर दिया है।

इस व्यापक प्रशासनिक कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों, जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े आरोपियों और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।